विकासनगर, लोक निर्माण विभाग चकराता तीस साल में 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण नहीं कर पाया है। सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं होने का खामियाजा चार खत कंडमाण के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
नब्बे के दशक में चार खत कंडमाण के ग्रामीणों की मांग पर बर्फबारी के दौरान त्यूणी-चकराता बंद होने के विकल्प के तौर रोहटा से अटाल के लिए 22 किलोमीटर लंबे नए मोटर निर्माण को स्वीकृति मिली थी। मोटर मार्ग स्वीकृत होते ही मीनस-अटाल रोड से करीब तीन किमी नई सड़क कटिंग की गई, जिससे ग्रामीणों को जल्द मोटर मार्ग निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी थी। लेकिन लोनिवि की उपेक्षा के चलते इसके बाद निर्माण कार्य रुक गया। राज्य गठन के बाद 2005-06 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और चार किमी तक सड़क निर्माण किया गया। इससे आगे निर्माण शुरू करने के लिए 2006 में हुए समरेखण के दौरान ग्रामीणों में विवाद होने स अगले दस साल निर्माण कार्य लटका रहा। 2016 में सर्वे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में सहमति बनी और रोहटा से अटाल तक चार किमी सड़क निर्माण किया गया। लेकिन 2018 में बजट के अभाव के चलते एक बार फिर निर्माण कार्य लटक गया है। अभी लगभग दस किमी लंबी सड़क निर्माण कार्य होना शेष है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग का निर्माण होने से चार खत कंडमाण के अलावा डूंगरी, पेनुवा, डिमीच, चाजोई, भनरौली के ग्रामीणों को बर्फबारी के सुगम यातायात की सुविधा मिलनी थी। लेकिन अब यह सड़क कब पूरी होगी इसकी जानकारी कोई नहीं दे रहा है।