नैनीताल, कौसानी और भीमताल में अपनी ऑब्जर्वेटरीज (बेधशालाओं) को मिली उत्साहित करने वाली प्रतिक्रियाओं के बाद भारत की प्रमुख एस्ट्रो-टूरिज्म कंपनी स्टारस्केप्स ने उत्तराखंड में अपनी तीसरी जन बेधशाला लॉन्च की है। मुक्तेश्वर में स्थित स्टारस्केप्स की नई बेधशाला पर्यटकों को दिन के साथ-साथ रात में भी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के साथ समग्र खगोलीय अनुभव प्रदान करेगा। इनमें खगोलीय दुनिया को देखते हुए भ्रमण करने से लेकर खगोलीय फोटोग्राफी और सूर्य अवलोकन आदि हैं। मुक्तेश्वर में सर्गाखेत में स्थित बेधशाला तक क्षेत्र के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों से आसानी से पहुंचा जा सकता है। इसके साथ ही शहर से सप्ताहांत की छुट्टियां मनाने वाले किसी भी दिल्लीवासी के लिए सड़क मार्ग से इसकी दूरी मात्र आठ घंटों की है।
आगंतुकों को खगोलीय दुनिया की यात्रा के दौरान एक प्रशिक्षित गाइड समझाएगा। बेधशाला में एक खगोल अनुभव केंद्र है, जिसमें हर समय कई प्रकार के सत्र चलते रहते हैं। अनुभव केंद्र में वर्चुअल कक्ष है, जो मुक्तेश्वर के सटीक जीपीएस निर्देशांक का उपयोग कर नक्षत्रों और रात में आकाश के बारे में समझाता है। आगंतुक शुरुआती स्तर की खगोल फोटोग्राफी क्लास में भी हिस्सा ले सकते हैं जिसमें बताया जाता है कि तारों और नक्षत्रों की तस्वीर कैसे लेते हैं। यहां बच्चों के लिए एक ऑन-साइट कैफे है। साथ ही एक जगह है जहां बैठकर हिमालय के मनोरम दृश्यों को निहारा जा सकता है। नई बेधशाला की लॉन्चिंग पर स्टारस्केप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक पॉल सेवियो ने कहा कि कुछ महीनों पहले हमने मुक्तेश्वर में एक खगोलीय-शिविर आयोजित किया था, जिसके लिए हमें पर्यटकों और मुक्तेश्वर के स्थानीय लोगों से बहुत ज्यादा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। हमें मिली प्रतिक्रिया ही मुक्तेश्वर में स्थायी बेधशाला की लॉन्चिंग के लिए निर्णायक मोड़ रहा। मुक्तेश्वर जैसी सुरम्य और आकर्षक लोकेशन आगंतुकों को रात में आकाश के जादू का अनुभव कराने और वादियों को देखने-समझने का अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है। कौसानी और भीमताल में स्थित हमारी बेधशालाएं खगोलीय पर्यटन की नजर से लोकप्रिय स्थल हैं। हमें उम्मीद है कि मुक्तेश्वर में नई बेधशाला को भी ऐसी ही प्रतिक्रिया मिलेगी।